पटना. बिहार में नीतीश से झटका खाने के बाद भाजपा मिशन 2024 की तैयारी में जुट गई है। दिल्ली में कोर कमेटी की बैठक में पार्टी ने बिहार की 40 में से 35 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए भाजपा 2014 की तरह NDA गठबंधन में छोटी-छोटी पार्टियों को भी जोड़ने की कोशिश करेगी। पिछले 9 अगस्त को बिहार में भाजपा और नीतीश कुमार की पार्टी JDU के बीच गठबंधन टूट गया था, जिसके बाद नई रणनीति बनाने के लिए दिल्ली में मंगलवार को बैठक हुई थी। बैठक में बिहार भाजपा के सभी बड़े नेताओं के साथ गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद थे। नीतीश के सहयोगी रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री RCP सिंह पर भी भाजपा की नजर है। सियासी गलियारों की चर्चा के मुताबिक सिंह 2024 में नीतीश के गृह क्षेत्र नालंदा से चुनाव लड़ सकते हैं। हाल ही में उन्होंने JDU से इस्तीफा दिया था। इधर, बिहार कैबिनेट में अपर कास्ट को कम प्रतिनिधित्व देने का मुद्दा भी भाजपा उठाने की तैयारी में है। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। साथ ही UP, झारखंड और बंगाल बॉर्डर जुड़े होने की वजह से 10 और सीटों को यहां के मतदाता प्रभावित करते हैं। इसलिए बिहार को लेकर पॉलिटिकल पार्टियों का विशेष फोकस रहता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.