मुंबई. उद्धव ठाकरे से बगावत कर मराठी सियासत में हलचल मचाने वाले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का पहला शक्ति प्रदर्शन अब से कुछ देर में होगा। विधानसभा के भीतर रविवार को स्पीकर के लिए चुनाव होना है, जिसके लिए विधायकों का पहुंचना शुरू हो गया है। इधर, शिवसेना में मचे घमासान को देखते हुए विधानसभा के भीतर उसका दफ्तर सील कर दिया गया है। शिवसेना के स्पीकर कैंडिडेट राजन साल्वी विधान परिषद के उप सभापति निलम गोर्हे के ऑफिस में बैठे हैं। शिवसेना ने मुखपत्र सामना के लेख में देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। इसमें कहा गया है कि शिंदे मुख्यमंत्री बने और उनके मंत्रिमंडल में देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी CM का पद स्वीकार करना पड़ा यही असली भूकंप है। आगे लिखा- फडणवीस फिर आए लेकिन वे इस तरह से ‘आधे’ आएंगे, ऐसा किसी को नहीं लगा था। अब राज्य में क्या होगा? शिवसेना के बागी विधायक शनिवार रात मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ वापस मुंबई लौट आए। इनकी वापसी 11 दिन बाद हुई है। सभी बागी विधायक मुख्यमंत्री के साथ मुंबई के होटल ताज प्रेसीडेंसी पहुंचे। यहां बीजेपी नेताओं और शिवसेना के बागी विधायकों ने देर रात तक बैठक करके आगे की रणनीति तैयार की। राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस विधायकों से मिलने पहुंचे। शिवसेना के राजन साल्वी ने स्पीकर पद के उम्मीदवार हैं, जिसके बाद पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष के चुनाव के लिए शिवसेना ने व्हिप जारी किया है। शिवसेना चीफ व्हिप सुनील प्रभु ने शिवसेना के विधायकों को 3 और 4 जुलाई को विधानसभा में हाजिर रहने को कहा है। कांग्रेस और NCP ने भी अपने विधायकों को कल विधानसभा में उपस्थित होने को कहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.