रीवा. 4 करोड़ के वित्तीय घोटाले में लगभग तीन साल से सुर्खियों में रहे रीवा के TRS कॉलेज के तीन पूर्व प्राचार्यों को कोर्ट ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। डॉ. सत्येंद्र शर्मा, डॉ. एसयू खान और डॉ. रामलला शुक्ला के खिलाफ EOW (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) ने 2020 में केस दर्ज किया था। इसी मामले में EOW ने शुक्रवार को रीवा जिला न्यायालय (फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट) में चालान पेश किया। आरोपी बनाए गए पूर्व प्राचार्यों ने जमानत याचिका लगाई थी। इसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। तीनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। EOW ने शाम 7 बजे तीनों पूर्व प्राचार्यों का मेडिकल कराया और जेल में डाल दिया। ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय (TRS) विंध्य क्षेत्र के सबसे बड़े एजुकेशन इंस्टीट्यूट में से एक है। NAAC से इसे A ग्रेड का दर्जा प्राप्त है। यहां 2009 से 2020 के बीच 4 करोड़ रुपए से ज्यादा का पारिश्रमिक और मानदेय घोटाला हुआ।इसमें से सिर्फ 3 करोड़ रु. का घोटाला रिटायर्ड प्राचार्य डॉ. एसयू खान, रिटायर्ड प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र शर्मा और सस्पेंड चल रहे पूर्व प्राचार्य डॉ. रामलला शुक्ला पर करने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार TRS कॉलेज में मानदेय वितरण को लेकर गड़बड़ी की गई। पेपर प्रिंटिंग, बिना कोटेशन सामग्री की खरीदी, नियमों का पालन न करते हुए राशि का भुगतान करना, एक ही फर्म को प्रिटिंग के लिए पेपर छपाई का काम देने जैसे मामले शामिल हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.