जयपुर। राजस्थान में झूठी एफआईआर दर्ज कराने वालों के खिलाफ पुलिस और न्यायालय की सख्त कार्रवाई जारी है। प्रदेश में 1 जून से 28 जून 2026 के बीच 75 मामलों में न्यायालयों ने झूठी शिकायत करने वालों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है तथा आर्थिक जुर्माना भी लगाया है। वहीं, 1,870 मामलों में अदालतों ने संज्ञान लेते हुए झूठी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल झूठे मुकदमों पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि निर्दोष लोगों को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से बचाना और पुलिस संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना भी है।
झूठे मुकदमों के खिलाफ कार्रवाई के मामले में नागौर जिला प्रदेश में शीर्ष पर रहा है। यहां 292 नए मामलों में अदालत ने संज्ञान लिया। इसके बाद जयपुर ग्रामीण में 247, अलवर में 212, जयपुर दक्षिण में 139, कोटपूतली-बहरोड़ में 120, हनुमानगढ़ में 110, जयपुर पश्चिम में 71 तथा जयपुर उत्तर में 59 मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस अभियान से झूठे मुकदमे दर्ज कराने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगेगी और न्याय व्यवस्था में आमजन का विश्वास और मजबूत होगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.