नई दिल्ली. चीन और अमेरिका में बढ़ते कोविड के मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने पांच राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने दिल्ली, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र और मिजोरम की सरकारों को चिट्ठी लिखी है। इसमें स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों से सतर्कता बढ़ाने और संक्रमण की दर बढ़ने के कारणों की गंभीरता से जांच करने को कहा है। इस बीच, गुजरात में एक व्यक्ति के XE वैरिएंट से संक्रमित होने की जानकारी मिली है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य में XM वैरिएंट के एक मामले का भी पता चला है। इस हफ्ते की शुरुआत में मुंबई की एक महिला के XE वैरिएंट से संक्रमित होने की सूचना मिली थी। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसका खंडन कर दिया था। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि इन राज्यों में डेली पॉजीटिविटी रेट बढ़ रहा है, यानी हर दिन मिलने वाले नए कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसको देखते हुए राज्य सरकारें हालात की गंभीरता से समीक्षा करें और जरूरी होने पर कोविड-19 को लेकर नई गाइडलाइन भी जारी करें। एक ओर देश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है, लेकिन दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, केरल और मिजोरम में पिछले सात दिन में पॉजिटिविटी रेट अचानक बढ़ गई है। इसे लेकर ही केंद्र सरकार ने केरल, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और मिजोरम को अलर्ट भेजा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.