चंडीगढ़. पटियाला में शुक्रवार को खालिस्तान विरोधी मार्च में हुई हिंसा के अगले दिन सरकार ने पटियाला के IG राकेश अग्रवाल और SSP नानक सिंह को हटा दिया है। अब मुखविंदर सिंह छीना नए IG और दीपक पारिख नए SSP होंगे। सिटी SP को हटाकर वजीर सिंह खैहरा को लाया गया है। DSP अशोक कुमार को भी हटा दिया गया है। पटियाला हिंसा के बाद CM भगवंत मान ने चीफ सेक्रेटरी अनिरुद्ध तिवारी और DGP वीके भावरा की अगुआई में अफसरों को तलब किया था। उन्होंने DGP वीके भावरा पर भी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अफसरों पर हाई लेवल इंक्वायरी के आदेश दिए। इसमें पुलिस और प्रशासन की लापरवाही की जांच होगी। जानकारी के मुताबिक, एक हफ्ते से टकराव के हालात थे। इसके बावजूद पुलिस ने इसे रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए। इस बारे में इंटेलिजेंस विंग ने पुलिस को इनपुट भी दिए थे, लेकिन पुलिस अफसरों ने इन्हें हल्के में लिया और हालात काबू से बाहर हो गए। इधर, हिंदू संगठनों ने काली माता मंदिर पर हमले के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आज पटियाला में बंद कॉल किया है। हालात बिगड़ने की आशंका के चलते प्रशासन ने आज सुबह साढ़े 9 बजे से शाम 6 बजे तक शहर में इंटरनेट और SMS सेवाएं बंद कर दी हैं। डोंगल से भी इंटनरेट नहीं चलेगा। पटियाला में सुरक्षा के लिए डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.