नई दिल्ली. रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 68वां दिन है। यूक्रेनी सेना ने दावा किया है कि उसके एक ड्रोन ने ब्लैक सी में रूस की 2 रैप्टर क्लास बोट को निशाना बनाया और उन्हें तबाह कर दिया है। वहीं, जंग में अब तक 24 हजार से ज्यादा रूसी सैनिकों की भी मौत हुई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के भरोसेमंद आर्मी चीफ जनरल वालेरी गेरासिमोव भी घायल हो गए हैं। पुतिन ने उन्हें जल्द कामयाबी हासिल करने के मकसद से खार्किव के मोर्चे पर तैनात किया था। इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के सलाहकार एरेस्टोविच ने दावा किया है कि खार्किव के मोर्चे पर ही रूसी मेजर जनरल आंद्रेई सिमोनोव की भी मौत हो गई। यूक्रेन में अब तक रूस के 9 टॉप कमांडरों की मौत हो चुकी है। खेरसॉन पर सैन्य कब्जे के बाद रूसी सेना यहां बड़े पैमाने पर आर्थिक बदलाव कर रही है। इसके लिए यहां पर यूक्रेनी मुद्रा को रूसी मुद्रा रूबल से बदला जा रहा है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय की सीक्रेट रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी सेना यहां अपने कब्जे को जायज करने के लिए यह रणनीति अपना रही है। यूक्रेन का डेमीडिव गांव बाढ़ में डूब गया है। इससे दुखी होने की जगह गांव वाले खुशी मना रहे हैं। दरअसल, यूक्रेनी सेना ने गांव में बने बांध को खोलकर सीमा को दलदली बना दिया। इससे रूसी टैंक कीव पर हमले के लिए घुस नहीं सके और यूक्रेनी सेना को तैयारी का वक्त भी मिल गया। 750 घरों वाले इस गांव के कई घर डूब गए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.