नई दिल्ली. साइक्लोन असानी ने 24 घंटे में ही अपना रास्ता बदल लिया है। मंगलवार तक ओडिशा और बंगाल की खाड़ी की ओर जाने की आशंकाओं के बीच चक्रवात ने आंध्र प्रदेश की ओर रुख कर लिया है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया। यानी तूफान राज्य में तबाही मचा सकता है। इस अलर्ट के बाद राज्य में आज होने वाले इंटरमीडिएट की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। असानी के मद्देनजर बुधवार को विशाखापट्टनम में इंडिगो की सभी फ्लाइट्स (22 आगमन और 22 प्रस्थान) कैंसिल कर दी गई है। वहीं, एयर एशिया ने बेंगलुरु और दिल्ली से विशाखापट्टनम जाने वाली एक-एक फ्लाइट कैंसिल कर दी है। IMD वैज्ञानिक, संजीव द्विवेदी ने बताया कि चक्रवात बुधवार सुबह तक काकीनाड़ा एवं विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इसके बाद यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। आंध्र प्रदेश में इसके चलते रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। तूफान का असर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी रहेगा। 11 से 13 मई तक यहां बारिश होगी, साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। आंध्र प्रदेश में के श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापट्टनम, पूर्वी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर और पश्चिम गोदावरी जिलों में बारिश हो रही है। वहीं, केरल और तमिलनाडु में और भी बारिश की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में मंगलवार से ही हल्की बारिश हो रही है। ओडिशा के गंजाम जिले के छतरपुर के पास मंगलवार को समुद्र में मछली पकड़ने वाली 5 नौकाएं पलट गईं। इन हादसों में सभी 65 मछुआरे तैरकर किनारे आ गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब पांच मछुआरों को ले जा रही एक नाव पलट गई और उसने चार अन्य नौकाओं को टक्कर मार दी, जिनमें कुल 60 लोग सवार थे। हादसे में सभी नौकाएं डूब गईं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.