वाराणसी. वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद का दूसरे दिन का सर्वे का काम पूरा हो गया है। ऐसी खबर आ रही है कि अंदर मलबा ज्यादा होने के कारण सर्वे 100% पूरा नहीं हो सका। इसलिए, अब कल भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। ज्ञानवापी से बाहर आए हिंदू पक्ष के एक व्यक्ति ने कहा कि कल भी सर्वे होगा। हमारा दावा आज और भी मजबूत हुआ है। मुस्लिम पक्ष के वकील ने मीडिया से तीन बार ऊंची आवाज में कहा- कुछ नहीं मिला, कुछ नहीं मिला, कुछ नहीं मिला...। इतना कहते हुए वह चले गए। वाराणसी के डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि सर्वे शांतिपूर्वक माहौल में हुआ। सोमवार को भी सर्वे जारी रहेगा। उधर, वकीलों ने कहा कि सर्वे जब तक पूरा नहीं हो जाता है, इस पर कुछ कमेंट करना उचित नहीं। करीब एक बजे 20 सफाईकर्मी ज्ञानवापी में गए हैं। 52 लोगों की टीम ने सुबह 8 बजे से 11:40 बजे तक सर्वे किया। आज बताया जा रहा कि ज्ञानवापी के नक्काशीदार गुंबद की ड्रोन से वीडियोग्राफी हुई। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। दूसरे दिन छत, चार कमरों, बाहर की दीवारों, बरामदे, तालाब के आसपास की वीडियोग्राफी-सर्वे हुआ। उधर, मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस फोर्स अलर्ट रही। गलियों में मार्च कर शांति की अपील की गई। पुलिस कमिश्नर ए.सतीश गणेश ने कहा कि आज सुरक्षा थोड़ी और बढ़ा दी गई थी। सर्वे के पहले दिन परिसर के बाहर 10 लेयर की सिक्योरिटी थी, जिसे आज 12 लेयर का कर दिया गया है। इन बातों का विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि दर्शन-पूजन करने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को पहले दिन 50% एरिया में वीडियोग्राफी और सर्वे हुआ।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.