नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे। मोदी यहां QUAD समिट में हिस्सा लेने आए हैं। मोदी के जापान पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया और जय श्री राम के नारे लगाए। भारतीयों ने कहा- जो काशी को सजाए हैं, वो टोक्यो आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी टोक्यो में मंगलवार शाम तक रुकेंगे। अपनी 40 घंटे की जापान यात्रा के दौरान PM अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मुलाकात करेंगे। वे जापान के 35 बिजनेस लीडर्स और CEOs से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह 23 बैठकों में हिस्सा लेंगे। यानी 40 घंटे में 1 राष्ट्रपति, 2 PM और 35 CEO से मिलेंगे। PM मोदी जापानी PM फुमियो किशिदा के बुलावे पर जापान पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल मार्च में किशिदा भारत-जापान ऐनुअल समिट में हिस्सा लेने भारत आए थे। टोक्यो दौरे पर भारत-जापान के बीच स्ट्रैटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप पर बात होगी। क्वॉड बैठक से इतर PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन टोक्यो में एक बाइलैटरल मीटिंग करेंगे। इस मीटिंग में द्विपक्षीय संबंधों के अलावा रूस-यूक्रेन मसले पर भी बात होगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.