हैदराबाद. तेलुगुदेशम पार्टी TDP के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव (NTR) की बेटी उमा माहेश्वरी ने सोमवार को सुसाइड कर लिया। वे 52 साल की थीं। उनका शव हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में उनके घर पर पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ओस्मामनिया हॉस्पिटल भेज दिया है। खबर मिलते ही आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उनके बेटे नारा लोकेश तुरंत उमा के घर पहुंचे। उमा चंद्रबाबू की साली थीं। चंद्रबाबू की शादी NTR की एक अन्य बेटी नारा भुवनेश्वरी से हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमा माहेश्वरी कुछ बीमारियों से जूझ रही थीं। पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज चल रहा था। सोमवार को वह अपने बेडरूम में पंखे से लटकी मिलीं। पुलिस को आशंका है कि खराब सेहत के कारण ही वे डिप्रेशन में चली गईं थीं। इसी वजह से उन्होंने सुसाइड किया। NTR ने 1982 में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) की स्थापना की थी। उन्होंने तेलुगु लोगों के आत्मसम्मान का नारा दिया था। 9 महीने के भीतर ही चुनाव हुए थे और NTR की पार्टी सत्ता में आई थी। तब अविभाजित आंध्र में कांग्रेस शासन खत्म हुआ था। NTR की 1996 में 72 साल की उम्र में मृत्यु हो गई। यह घटना उनकी पार्टी में विद्रोह के कुछ महीनों बाद हुई थी। यह विद्रोह उनके दामाद चंद्रबाबू नायडू ने ही किया था और NTR से शक्तियां छीन ली थीं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.