नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी 4 दिन के दौरे पर दिल्ली पहुंची हैं। दीदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से PM आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के GST बकाए सहित कई मुद्दों पर बात की। ममता शाम 6 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू की ममता बनर्जी से यह पहली मुलाकात होगी। ममता का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब उनकी पार्टी के नेता पार्थ चटर्जी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) लगातार कार्रवाई कर रही है। बंगाल CM 7 अगस्त को राजधानी में होने वाली नीति आयोग के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही वे विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं से भी मिलेंगी। आज रात ममता TMC के राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय के आवास पर पार्टी के सांसदों से मुलाकात कर सकती हैं। शनिवार को वे गैर-कांग्रेसी विपक्षी नेताओं के साथ राजनीतिक मसलों पर चर्चा कर सकती हैं। देश में 6 अगस्त को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के चलते ममता का यह दौरा खास माना जा रहा है। बता दें कि ममता बनर्जी की पार्टी ने उपराष्ट्रपति चुनाव में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। साथ ही उन्होंने हर संसद सत्र के दौरान दिल्ली आने का ऐलान भी किया था। ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे से तृणमूल कांग्रेस के सांसदों का मनोबल बढ़ेगा। पार्टी के सांसद लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की अगुआई कर रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी एकता में दिखी फूट के बीच भी ममता बनर्जी का यह दौरा बेहद अहम है। बीते दिनों कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच तनाव भी देखने को मिली थी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.