आगरा. भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग का आज यानी रविवार को दूसरा दिन है। आज प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल भाजपा के मिशन 2024 के लिए युवाओं को जीत का मंत्र देंगे। आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आने की सम्भावना भी जताई गई थी लेकिन उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से भाजपा ने मिशन 2024 के लिए कमर कसना शुरू कर दिया है। प्रदेश में आयोजित हो रहे प्रशिक्षण आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों का आगाज हैं। हालांकि लोकसभा चुनाव में अभी 2 वर्ष बचे हैं लेकिन भाजपा अभी से पूरी ताकत के साथ जुट गई है। पूरे प्रदेश में अलग-अलग शहरों में भाजपा प्रकोष्ठों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित हो रहे हैं। इन कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए ट्रेंड किया रहा है। आज प्रदेश सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह और प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। प्रशिक्षण शिविर में पहले दिन डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से लेकर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश प्रभारी भाजयुमो पंकज सिंह शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं प्रशिक्षित किया कि जनता में भाजपा की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को किस तरह रखना है। राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन करते हुए उन्हें संगठन कार्य को पूरी निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया। आगरा में युवा वर्ग को प्रशिक्षित किया जा रहा है। वहीं सूबे के अलग-अलग जिलों में भाजपा के अन्य प्रकाष्ठों के प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं। मेरठ के हस्तिनापुर में किसान मोर्चा का दो दिन से शिविर चल रहा है। आज वह सम्पन्न हो जाएगा। वहीं मथुरा में अनुसूचित जाति मोर्चा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज सम्पन्न होगा। काशी में ओबीसी मोर्चा का शिविर आज से शुरू होगा और 9 अगस्त को समाप्त होगा। लखनऊ में 27 से 29 अगस्त तक अल्पसंख्यक मोर्चा का शिविर आयोजित होगा। भाजपा युवा मोर्चा के प्रशक्षिण शिविर में प्रदेश भर से आए युवा नेताओं का जमावड़ा है। युवा मोर्चा ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी लगाई है, जिसमें युवा मोर्चा द्वारा किये गये प्रमुख कार्यों को चित्रों को माध्यम से दर्शाया गया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.