मुंबई. महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के हरिहरेश्वर तट पर समुद्र में एक संदिग्ध बोट मिली है। बोट में तीन AK-47 और बुलेट्स मिले हैं। बोट गुरुवार सुबह करीब 8 बजे के आसपास एक स्थानीय मछुआरे ने देखी और पुलिस को इंफॉर्म किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोट को रस्सी के सहारे किनारे खींचा और उसे जब्त कर लिया। बोट पर एक काले रंग का बड़ा सा बॉक्स था, जिसमें तीन AK-47 और गोलियां मिली हैं। गोलियां ब्लू और रेड कलर के छोटे-छोटे बॉक्स में रखी गइ थीं। पुलिस के मुताबिक, मुंबई से यह इलाका करीब 190 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने बताया कि जिस बॉक्स में हथियार रखे हुए थे, उस पर अंग्रेजी में नेप्च्यून मरीटाइम सिक्योरिटी लिखा हुआ है। यह कंपनी ब्रिटेन की बताई जा रही है। पुलिस कंपनी के अधिकारियों से इसकी जानकारी जुटा रही है। कोस्ट गार्ड के कमांडर जनरल परमेश शिवमणी ने कहा- 26 जून को इस बोट से हमें कॉल किया गया था। तब वो मुश्किल में थे और उन्होंने मदद मांगी थी। हमारी टीम ने ओमान की खाड़ी में इस बोट पर मौजूद चार लोगों को बचाया था। यह ब्रिटेन जा रही थी और इस पर ब्रिटेन का झंडा भी लगा था। बाद में यह हरिहरेश्वर चली गई। इस पर तीन AK-47 के अलावा कुछ छोटे हथियार भी थे। बोट के मालिक से बातचीत की गई है। दुबई की एक सिक्योरिटी एजेंसी ने भी हमें फोन पर बताया कि इस सीरीज के हथियार उनके हैं और यह गायब हैं। इस एजेंसी ने साफ कर दिया है कि यह हथियार बोट पर मौजूद क्रू मेंबर्स की हिफाजत के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। रायगढ़ के तट पर पहले भी संदिग्ध गतिविधियां होती रहीं हैं। कहा जाता है कि 1993 ब्लास्ट से पहले अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम के निर्देश पर यहीं के शेखाडी तट पर ब्लास्ट में इस्तेमाल किए गए RDX उतारे गए थे। 26/11 में कसाब समेत 10 आतंकी भी रायगढ़ के समुद्र को क्रॉस करके मुंबई पहुंचे थे। यह भी थ्योरी सामने आई थी कि कसाब और उसकी टीम ने यहीं अपनी एक नाव बदली थी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.