फतेहाबाद. हरियाणा के फतेहाबाद के भूना इलाक़े के सिंथला गांव में लव मैरिज करने वाले एक युगल पर 2 बाइकों पर सवार होकर आए 6 युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। भूना में रतिया कैंची के निकट युगल का मोटरसाइकिल रुकवा लिया और दोनों पर हमला बोल दिया। आसपास के लोगों ने हमलावरों के चुंगल से उनको छुड़वाया। दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में भर्ती करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भूना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाराधीन गांव सिंथला निवासी 24 वर्षीय महेंद्र सिंह ने बताया कि उसने 22 जून 2022 को फतेहाबाद की अदालत में धोल्लु निवासी पूनम के साथ प्रेम विवाह किया था। लड़की के परिजन इस विवाह से संतुष्ट नही थे। इसके चलते वह दोनों से रंजिश रख रहे हैं। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर 1 बजे के करीब महेंद्र और पूनम मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिंथला गांव से भूना की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान पूनम के चचेरे भाई बजरंग व रवि ने अपने 4 अन्य साथियों के साथ मिलकर रतिया कैंची के निकट उपरोक्त युगल का रास्ता रोक लिया। उक्त सभी ने लोहे की गंडासी व अन्य तेजधार हथियारों से महेंद्र व पूनम पर हमला बोल दिया। भूना थाना कार्यकारी प्रभारी अरूणा का कहना है कि पुलिस को इसकी सूचना आई है। लड़का लड़की दोनों को भूना के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस उनके बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.