पटना. बिहार में सत्तारुढ़ दल के नेताओं के यहां सीबीआई की छापेमारी को लेकर पूरा महागठबंधन परेशान है। इसको लेकर महागठबंधन से सभी नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा CBI, ED और IT का दुरुपयोग कर रही है। BJP उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को फंसाना चाह रही है। JDU के कर्पूरी सभागार में महागठबंधन से जेडीयू से प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री मदन सहनी, सीपीआई (एमएल) से के डी यादव और कमलेश शर्मा, कांग्रेस से मुख्य प्रवक्ता राजेश राठौर, आरजेडी से सांसद मनोज झा और भू राजस्व मंत्री आलोक मेहता शामिल हुए। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि बीजेपी का खेल सब समझ चुके हैं। उनका खेल 2024 में खत्म हो जाएगा। बीजेपी ने सुशील मोदी का खेल खत्म कर दिया है और वे लगातार बयानबाजी कर बने रहना चाहते हैं। वहीं, आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि तेजस्वी का मॉल से कोई लेना देना नहीं है। उनकी छवि खराब की गई। अपनी हरकतों से बाज आए बीजेपी। नहीं तो गुलाब का फूल लेकर सड़क पर उतरेंगे और उनका जीना हराम कर देंगे। बीजेपी के डराने धमकाने का खेल यहां नहीं चलेगा। सीपीआई के अजय कुमार ने कहा कि बिहार ने ऐतिहासिक फैसला लिया और अगस्त क्रांति के दिन महागठबंधन की सरकार बनी। बिहार में बीजेपी अकेले सरकार बनाना चाहती थी। दर्जनों विधायकों को टटोलने का काम कर रहे थे। संविधान की रक्षा के लिए यह कदम उठाना जरूरी था और मुख्यमंत्री धन्यवाद के पात्र हैं कि वे यह साहसिक निर्णय लिए। बीजेपी अपना घोड़ा छोड़े हुए था, जिसे बिहार में लगाम लगाया गया और देश को रास्ता दिखाया गया है। 2024 में हम सत्ता हासिल करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह कहते थे कि जीतेगा कोई भी, सरकार हम बनाएंगे। इस भ्रम को बिहार ने तोड़ा है। इससे बौखलाकर सीबीआई, इडी, इनकम टैक्स जो केंद्रीय एजेंसियां हैं, उनका इस्तेमाल बीजेपी कर रही है। प्रधानमंत्री के इशारे पर तेजस्वी यादव और दूसरी जगहों पर छापेमारी की गई। जब सरकार बनाने की तैयारी चल रही थी तो बिहार में सीबीआई और ईडी की टीम दिल्ली से आ गयी थी। बिहार में कोई चाल काम नहीं आएगा और 2024 में हम सरकार बनाएंगे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.