नई दिल्ली. पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा से निष्कासित नेता नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, बंगाल के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक तक फूंक डाला। कर्नाटक में नूपुर का पुतला लटका दिया। एक दिन पहले ही नूपुर सहित 33 लोगों के खिलाफ हेट स्पीच देने का मामला दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया है। मुंबई में भी उनके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने ही उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की है, क्योंकि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां मिल रही थीं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, सहारनपुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, उन्नाव, देवबंद समेत कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन हुए। सहारनपुर में तोड़फोड़ और प्रयागराज में पत्थरबाजी हुई। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक फूंक डाला। कई जगहों पर हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भीम आर्मी चीफ सतपाल तंवर ने नूपुर शर्मा की जुबान काटकर लाने वाले को एक करोड़ का इनाम देने का ऐलान किया। दिल्ली में जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए करीब 1500 लोग जमा हुए थे। नमाज के बाद करीब 300 लोग बाहर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। जामा मस्जिद के शाही इमाम ने कहा कि हमारी तरफ से प्रोटेस्ट का कोई कॉल नहीं था। नमाजी नमाज पढ़कर बाहर निकले और अचानक प्रदर्शन करने लगे। हम नहीं जानते कि विरोध करने वाले कौन है। मुझे लगता है कि वे एआईएमआईएम के सदस्य हैं या ओवैसी के आदमी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.