सूरत. महाराष्ट्र में सियासी उठापटक के बीच शिवसेना ने बड़ा दावा किया है। शिवसेना ने कहा है कि एकनाथ शिंदे में खेमे में शामिल अकोला से विधायक नितिन देशमुख को सूरत की होटल में गुजरात पुलिस ने पीटा। वे मुंबई आना चाहते थे, लेकिन उन्हें बंधक बनाकर गुवाहाटी ले जाया गया है। सूरत के स्थानीय शिवसेना नेता परेश खेर ने मीडिया को बताया कि नितिन देशमुख होटल से निकलकर एक चौराहे पर आए, जहां उन्होंने हम लोगों से मुंबई जाने के लिए मदद मांगी। हम लोग जब तक चौराहे पर पहुंचे, तब तक उन्हें पुलिस पकड़कर होटल ले जा रही थी। हम लोग भी उनके पीछे-पीछे चल दिए, लेकिन होटल के बार हमें रोक दिया गया। शिवसेना ने दावा किया है कि होटल में जब नितिन मुंबई जाने को लेकर हंगामा कर रहे थे, तो उस वक्त पुलिस अधिकारियों ने उन्हें पीटा। शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि नितिन देशमुख को सूरत की होटल में हर्ट अटैक आया है, लेकिन भाजपा के लोग उन्हें बंधक बनाकर रखे हुए हैं। राउत ने आगे कहा- उनके 9 विधायकों का अपहरण कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की पूरी जांच करेगी। 9 विधायक वापस मुंबई आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें वापस नहीं आने दिया जा रहा है। सियासी घमासान के दूसरे दिन एकनाथ शिंदे समेत 40 बागी विधायक स्पेशल फ्लाइट से गुवाहाटी पहुंचे। भाजपा के नेताओं ने उन्हें रिसीव किया। एयरपोर्ट के बाहर तीन बसों से उन्हें होटल ले जाया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.