नई दिल्ली. महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, केरल और असम के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। महाराष्ट्र में मानसून आने के बाद से अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, गुजरात के 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारी बारिश के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है। असम में 2.10 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। देश में मानसून को आए 46 दिन हो चुके हैं। 16 जुलाई तक सामान्य रूप से 294.2 मिमी बारिश होनी थी, लेकिन यह आंकड़ा 335.2 मिमी पहुंच चुका है। इस लिहाज से सामान्य से 14% ज्यादा बारिश हो चुकी है। हालांकि UP, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे चार राज्यों में सूखे जैसे हालात हैं। देश की कुल आबादी का करीब 38% हिस्सा इन्हीं चार राज्यों में रहता है। मध्य प्रदेश में 15 दिन से तेज बारिश हो रही है। प्रदेश में अब तक 12.76 इंच बारिश हो चुकी है। यह अब तक की सामान्य बारिश 10.81 इंच से 18% ज्यादा है। राज्य के 49 जिलों के 196 शहरों और कस्बों में बारिश हुई। नर्मदापुरम के इटारसी में सबसे ज्यादा 8 इंच पानी बरसा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर में भी तेज बारिश दर्ज हुई। इंदौर में शुक्रवार सुबह साढ़े 8 से शाम 5.30 बजे तक 6.3 (0.24 इंच) मिलीमीटर पानी गिरा। इसे मिलाकर 21 घंटे में 1.4 इंच पानी गिरा। सीजन में अब तक 14.4 इंच बारिश हो चुकी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.