चंडीगढ़. सिंगर सिद्धू मूसेवाला को गोली मारने वाले शार्प शूटर मनप्रीत कस्सा यानी मन्नू और जगरूप रूपा वारदात के बाद भी पंजाब में ही मौजूद थे। समालसर शहर में 21 जून को मिले CCTV फुटेज में दोनों एक चोरी की बाइक पर नजर आए हैं। दोनों बदमाश तरनतारन की तरफ जा रहे थे। मूसेवाला का मर्डर 29 मई को हुआ था, नए फुटेज से वारदात के 24 दिन बाद 21 मई तक दोनों बदमाशों के पंजाब में ही मौजूद रहने की बात साबित हो गई है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पंजाब पुलिस सवालों के घेरे में है। पंजाब पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम बनाने और तेजी से जांच करने का दावा किया था। पुलिस के मुताबिक मनप्रीत मन्नू गैंगस्टर लॉरेंस का करीबी है। उसके पास AK47 थी और उसी ने मूसेवाला को पहली गोली मारी थी। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कहा था कि पहली गोली मन्नू ही मारेगा। मर्डर में इस्तेमाल की गई राइफल भी मन्नू और रूपा के पास ही मौजूद होने की आशंका हैं। अब तक दिल्ली और पंजाब पुलिस दोनों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस का दावा है कि ताजा CCTV फुटेज से दोनों के बारे में कई सुराग मिले हैं। मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार शार्पशूटर प्रियवर्त फौजी और अंकित सेरसा ने भी खुलासा किया कि रूपा और मन्नू उनके साथ नहीं भागे। उन्होंने कहा कि वह पंजाब में ही अपने ठिकाने में छिपे रहेंगे। इसके बाद ही पंजाब पुलिस ने इनकी तलाश में CCTV खंगालने शुरू किए थे, जो अब पुलिस को मिले हैं। मूसेवाला मर्डर केस में पंजाब पुलिस अब तक एक भी शार्प शूटर को नहीं पकड़ सकी है। मूसेवाला के कत्ल में शामिल 6 शार्प शूटर में से प्रियवर्त फौजी, कशिश उर्फ कुलदीप और अंकित सेरसा को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पकड़ा था। वहीं जगरूप रूपा, मनप्रीत मन्नू कुस्सा और दीपक मुंडी अब तक फरार हैं। पंजाब पुलिस ने इस केस में शार्प शूटर्स के 18 मददगारों और हत्या की साजिश रचने वालों को जरूर गिरफ्तार किया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.