शिमला. हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। भाजपा ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है। सराज से CM जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को 20 हजार से ज्यादा वोटों से हरा कर जीत हासिल की है। वहीं, मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर BJP के राकेश जमवाल ने कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर को 8,125 वोट से हराया है। रुझानों में कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर है। भाजपा 21 सीटों पर तो कांग्रेस को 39 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार 3 सीटों पर आगे चल रहे हैं। AAP अभी खाता नहीं खोल पाई है। प्रदेश में 37 साल पुरानी परंपरा कायम रहेगी या नया इतिहास बनेगा, ये आज दोपहर तक साफ हो जाएगा। हिमाचल में 12 नवंबर को वोटिंग हुई थी। पोलिंग के बाद कांग्रेस ने EVM में गड़बड़ी की आशंका जताते हुई कई जगह स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर टेंट लगाए थे। स्ट्रॉन्ग रूम से EVM काउंटिंग सेंटरों पर ले जाए जाने के बाद कांग्रेस के यह तंबू खाली हो गए। बिलासपुर जिले की घुमारवीं सीट की EVM घुमारवीं कॉलेज में रखी गई थी। गुरुवार सुबह यह टेंट खाली नजर आया। हिमाचल प्रदेश में हर बार 45 से 75% मंत्रियों के चुनाव हारने का भी ट्रेंड रहा है। इस बार भी जयराम ठाकुर के 11 में से 7 मंत्री कांटे के मुकाबले में फंसे हैं। दो मंत्रियों की तो सीट भी बदली गई। इनमें शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज को शिमला शहरी सीट की जगह कसुम्पटी से और वनमंत्री राकेश पठानिया को कांगड़ा जिले की नूरपुर सीट की जगह फतेहपुर से उतारा गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.