भोपाल. गुजरात के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक सफलता से मप्र भाजपा के नेता उत्साहित हैं। गुजरात चुनाव से लौटे नेताओं ने मप्र में भी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान से लेकर सत्ता और भाजपा संगठन के पदाधिकारी दावा कर रहे हैं कि अगले साल मप्र में भी गुजरात जैसे ही परिणाम आएंगे। गृ़हमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि मप्र में भी गुजरात का इतिहास दोहराया जाएगा। गुजरात जैसी मेजोरिटी में आने वाली है। मप्र बीजेपी के नेताओं के बयान पर कांग्रेस मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने कहा, गुजरात में भाजपा ने जो फॉर्मुला अपनाया है, उस फॉर्मुले को मप्र में लागू करते हैं तो मप्र में भी मुख्यमंत्री का चेहरा बदलेगा। कई टिकट काटे जाएंगे। कई नामी नेताओं के टिकट काट दिए जाएंगे। ऐसी स्थिति मप्र में निर्मित हो सकती है। भाजपा परफॉरमेंस के नाम पर घर बिठाने का काम करती है। जैसे उमा भारती, प्रभात झा को घर बिठाया। भाजपा का डंका दिल्ली से चलता है। गुजरात जैसा फॉर्मुला मप्र में लागू हुआ तो यहां स्थिति देखने लायक होगी। गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद मप्र में भी राजनैतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी ऑफिस पहुंचकर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इसके बाद सीएम ने कहा गुजरात में अभूतपूर्व विजय मिली है। कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। सीएम ने कहा ये विकास की आंधी है। इसमें कांग्रेस और अन्य पार्टियां हवा में उड़ गई। कांग्रेस तो 20 से नीचे सिमट गई। सीएम ने कहा- अब हम भी मध्यप्रदेश में तैयारी में जुट गए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.