जयपुर. बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा- सीएम अशोक गहलोत राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए इटेलियन सड़कें बनवा रहे हैं। गहलोत को पूरे राजस्थान की चिन्ता करनी चाहिए। राहुल गांधी ने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले कहा था कि सरकार बनने पर हम 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। शर्म आनी चाहिए कि राहुल राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा निकाले हुए हैं। लेकिन राजस्थान की जनता को क्यों नहीं बता रहे हैं कि किसानों का कर्जा माफ क्यों नहीं किया। उसके लिए कोई जिम्मेदार है तो गहलोत सरकार जिम्मेदार है। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में बीजेपी शासित राज्यों में पीड़ितों से मिलने जाते हैं, लेकिन राजस्थान में पीड़ितों से मिलने नहीं जा रहे, क्योंकि यहां उनकी पार्टी की सरकार है। यह दोहरा चरित्र नहीं चलेगा। अरुण सिंह ने कहा- प्रदेश की गहलोत सरकार धोखे से आई हुई सरकार है। जिसको राजस्थान की जनता धक्का देने को तैयार है। इस बार जनता ऐसा धक्का देगी कि 20-25 साल तक कांग्रेस उठकर खड़ी नहीं हो पाएगी। आपको बता दे की गहलोत सरकार की चौथी वर्षगांठ के खिलाफ निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा के तहत प्रदेश बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह आज नागौर के खींवसर पहुंचे। उनके साथ पूर्व मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, बीजेपी के प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश मीडिया सम्पर्क प्रमुख आनंद शर्मा और जिले के पदाधिकारियों ने जन आक्रोश यात्रा निकाली। बीजेपी कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा- जन आक्रोश यात्रा में जन भागीदारी और जन सम्पर्क का कार्यक्रम है। जनता के मन में आक्रोश है। एक-एक व्यक्ति को पैम्फलेट बांटे जा रहे हैं। सब संकल्प ले रहे हैं कि इस गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना है। यह जन विरोधी सरकार, कुशासन वाली सरकार, युवा विरोधी, महिला विरोधी सरकार है। किसान की हालत बदहाल है, उसके लिए भी कांग्रेस की यही गहलोत सरकार जिम्मेदार हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.