जयपुर.राजस्थान के सरकारी और संविदा कर्मचारी प्रदेश की गहलोत सरकार के खिलाफ जयपुर में महापड़ाव करेंगे। साथ ही सम्भाग मुख्यालयों पर भी सड़कों पर उतरकर आंदोलन तेज किया जाएगा। वेतन विसंगति दूर करने, ट्रांसपरेंट ट्रांसफर पॉलिसी बनाने, प्रमोशन, संविदा और ठेका कर्मचारियों को शोषण से मुक्ति दिलाकर रेग्युलर करने, पदनाम परिवर्तन जैसी मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलन पर हैं। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राना और प्रदेश महामंत्री विपिन प्रकाश शर्मा ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है। महासंघ की प्रांतीय समिति ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है। प्रदेश में 7 लाख सरकारी कर्मचारी और 3 लाख संविदा कर्मचारी हैं। जिनकी मांगों को लेकर कर्मचारी संघ आंदोलन कर रहा है। दूसरी ओर सैकड़ों की तादाद में प्रदेशभर से जयपुर पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गांधी नगर स्थित विभाग के मुख्यालय भवन के बाहर धरना प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। नियमित करने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष भगवती शर्मा और विकल्पा शर्मा के नेतृत्व में धरने पर हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.