भोपाल. पांच महीने पहले सरकारी नौकरी से इस्तीफा देने वाले IAS वरदमूर्ति मिश्रा ने अब पॉलिटिक्स में एंट्री की है। उन्होंने वास्तविक भारत पार्टी (वाभापा) के नाम से नई पॉलिटिकल पार्टी बनाई है। पार्टी अगले साल होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने कैंडिडेट्स उतारेगी। IAS वरदमूर्ति मिश्रा ने तीन महीने पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई पार्टी बनाने का ऐलान किया था। तब उन्होंने कहा था- सत्ता में शीर्ष पर बैठे लोगों की प्रशासनिक समझ में कमी और दूरदर्शिता के अभाव के कारण आज पूरे मध्यप्रदेश का विकास बाधित हो रहा है। वर्तमान सरकार तो हर मोर्चे पर विफल है। नई पार्टी बनाने के साथ ही पूर्व IAS मिश्रा ने प्रदेश के लोगों के नाम संदेश भी लिखा है। इसमें कहा है कि सरकार ने कष्ट के अलावा कुछ नहीं दिया है। पूर्व IAS वरदमूर्ति ने 4 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। तब भी शिवराज सरकार पर हमला किया था। उन्होंने कहा था कि सिस्टम में रहकर भी अफसर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित नहीं कर पा रहे हैं। ब्यूरोक्रेट्स की बात सुनने के बजाए सरकार सिर्फ इवेंट पॉलिटिक्स कर रही है। उन्होंने कहा- मध्यप्रदेश बीज का नकली हब बन गया है। देश में सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश में कंज्यूमर फोरम में नकली बीज के केस दर्ज हैं। यही हाल फर्टिलाइजर का है। संगमरमर का चूरा और फ्लाई ऐश मिलाकर इसकी सप्लाई हो रही है। सरकार के पास इसकी चेकिंग की कोई व्यवस्था नहीं है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.