जयपुर. उत्तर भारत में मौसम साफ होने के साथ ही राजस्थान में सर्दी के तेवर तेज होने लगे है। शेखावाटी के चूरू, सीकर के अलावा राज्य के दूसरे शहरों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने लगा है। बीती रात सीकर के फतेहपुर में सबसे सर्द रात रही, जहां का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तरी भारत में अगले 4-5 दिन मौसम साफ रहने से अब सर्द हवाएं फिर से मैदानी एरिया में चलने लगेगी। इससे पंजाब, दिल्ली, हरियाणा के अलावा राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी दिन-रात के तापमान में गिरावट होगी। शेखावाटी में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। इससे रात में हल्की सर्द हवाएं चलने के साथ सुबह-शाम कुछ एरिया में हल्की गलन भरी सर्दी भी पड़ने की संभावना है। प्रदेश में मौसम की स्थिति पर नजर डाले तो आज जयपुर, टोंक, अजमेर समेत तमाम शहरों में मौसम पूरी तरह साफ रहा। जयपुर में आज रात न्यूनतम तापमान में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। इधर कोटा में बीती रात न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। आपको बता दे की राज्य का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में आज तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, लेकिन ये हिल स्टेशन रेगिस्तानी एरिया चूरू जितना ठंडा नहीं रहा। चूरू में आज न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शेखावाटी में सीकर के फतेहपुर के बाद दूसरा सबसे ठंडा इलाका रहा। चूरू और फतेहपुर के अलावा करौली, अलवर और चित्तौड़गढ़ में भी आज रात का न्यूनतम तापमान माउंट आबू के मुकाबले कम रहा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.