देश के उत्तरी राज्यों में हीटवेव और तेज गर्मी का दौर लगातार जारी है। दूसरी ओर नॉर्थ-ईस्ट में भारी बारिश देखने को मिल रही है। पिछले तीन दिन से जारी बारिश के चलते सिक्किम में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। जगह-जगह लैंडस्लाइड और बाढ़ में सैकड़ों घर और कई सड़कें बह गईं।
सबसे ज्यादा तबाही सिक्किम के मंगन जिले में हुई है। यहां गुरुवार (13 जून) को एक दिन में 220 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। इससे पिछले साल बना संगकालांग ब्रिज ढह गया, जिससे गुरुडोंगमार झील और युनथांग घाटी जैसे पर्यटन स्थलों के लिए मशहूर मंगन जिले के जोंगु, चुंगथांग, लाचेन और लाचुंग जैसे शहर देश के बाकी हिस्सों से कट गए हैं।
राहत-बचाव में जुटे डिजास्टर मैनेजमेंट के अधिकारियों ने बताया कि लाचुंग और चुंगथांग में करीब 2 हजार पर्यटक फंसे हैं। इन्हें अब हेलिकॉप्टर से ही रेस्क्यू किया जा सकता है, लेकिन खराब मौसम में हेलिकॉप्टर का उड़ पाना मुमकिन नहीं है। फिलहाल, पर्यटक जहां फंसे हैं, उन्हें वहीं रहने को कहा गया है।
सिक्किम में तीस्ता नदी भी उफान पर है, जिससे सिंगताम शहर के निचले इलाकों में रहने वाले लोग प्रभावित हो सकते हैं। पिछले साल उत्तरी सिक्किम में एक हिमनद झील के फटने से अचानक बाढ़ आई थी। इसमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
IMD ने शुक्रवार (14 जून) को भी सिक्किम में बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि सिक्किम, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश हो सकती है।
बिहार का बक्सर देश में सबसे गर्म, तापमान 47.2 डिग्री
मौसम विभाग ने उत्तरी हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार (14 जून) को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ और ओडिशा के अलग-अलग स्थानों में लू चलने का अनुमान है। मानसून में देरी के चलते आने वाले कुछ दिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में गुरुवार (13 जून) को तापमान 46 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। बिहार का बक्सर 47.2 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कई जगहों पर तापमान 44 से 47 डिग्री दर्ज किया गया।
IMD के मुताबिक, 1 मार्च से 9 जून के बीच ओडिशा में सबसे ज्यादा 27 दिन हीटवेव चली है। राजस्थान में 23 दिन, पश्चिम बंगाल में 21 दिन, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में 20 दिन, मध्य प्रदेश में 19 दिन और गुजरात और राजस्थान में 17 दिन हीटवेव चली है।
देश के दक्षिणी राज्यों में समय से पहले दस्तक देने के बाद मानसून कमजोर पड़ गया है। अर्थ साइंस के पूर्व सेक्रेटरी माधवन राजीवन ने कहा कि अगले 8-10 दिन तक मानसून के तेजी से आगे बढ़ने की संभावना नहीं है। बिहार और झारखंड में 16 से 18 जून तक मानसून के पहुंचने का अनुमान है। यह 20 से 30 जून के बीच उत्तर प्रदेश और 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंच सकता है।
प्रमुख राज्यों के मौसम से जुड़ी खबरें पढ़ें...
मध्य प्रदेश: 17-18 जून तक पहुंच सकता है मानसून, 27 जिलों में प्री-मानूसन एक्टिविटी; ग्वालियर-दतिया में गर्मी
मध्यप्रदेश में 17-18 जून को मानसून की एंट्री हो सकती है। इससे पहले, प्रदेश में प्री-मानसून की एक्टिविटी है। कहीं तेज बारिश हो रही है, तो कहीं आकाशीय बिजली गिरने-चमकने या आंधी का दौर है। आज भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 27 जिलों में प्री-मानसून की एक्टिविटी रहेगी। दूसरी ओर, ग्वालियर-दतिया समेत 9 जिलों में गर्मी का असर दिखेगा।
पटना समेत बिहार के अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी और लू देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने 4 जिलों में रेड और 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बक्सर, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास में लू का रेड अलर्ट है। वहीं, भोजपुर, अरवल, गया, सारण, जहानाबाद, नवादा, नालंदा, सीवान और वैशाली में ऑरेंज अलर्ट है।
पंजाब में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। सभी 23 जिलों का तापमान 43 डिग्री को पार कर गया है। पठानकोट में सबसे अधिक तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग ने आज 21 जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया । इसमें 19 में यलो और 2 के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच आज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर की स्पीड से धूल भरी हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट होने के आसार हैं।हरियाणा के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि 15 जून से 19 जून के दौरान फिर मौसम में बदलाव होगा।
झारखंड में अगले 24 घंटे गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में आज भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। जिन शहरों में हीटवेव का रेड अलर्ट है, उनमें राज्य के उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी पूर्वी का इलाका शामिल है। इनमें गढ़वा, पलामू, सरायकेला में हीटवेव का सबसे ज्यादा खतरा है। यहां लोगों को बेहद सतर्क रहने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे में मानसून की एक्टिविटी बढ़ेंगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार (14 जून) को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के सभी जिलों में भी बारिश की संभावना जताई है। बिलासपुर में गुरुवार (13 जून) को आंधी चलने से कोल वाशरी के विरोध में धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों के ऊपर बाउंड्री वॉल गिर गया, जिससे 5 लोग घायल हो गए।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.