जयपुर में बना 455 किलो का घेवर 800 किलो की कड़ाही में 1000 किलो घी से हुआ तैयार, पहले 4 बार टूट गया

जयपुर में तीज महोत्सव से पहले 455 किलो का घेवर बनाया गया है। 4 दिन से इस घेवर को बनाया जा रहा था, लेकिन चार बार यह टूट गया। पांचवें दिन 5 से 6 घंटे में घेवर बनकर तैयार हुआ। इसमें कुल 1 हजार किलो घी लगा है। इसे इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। नगर निगम ग्रेटर जयपुर की मेयर ने तीज महोत्सव के लिए इसे तैयार करवाया है। इसे सबसे बड़े घेवर के रिकॉर्ड के लिए भी भेजा जाएगा। इस घेवर को बनाने के लिए कड़ाही और घेवर को उठाने के लिए फ्रेम भी अलग से तैयार किया गया।

घेवर को लालकोठी स्थित सोढानी स्वीट्स ने तैयार किया है। इसके मालिक जौहरी लाल सोढानी ने बताया- इस घेवर को बनाने के लिए हमें मेयर सौम्या गुर्जर से 20 जुलाई को ऑर्डर मिला था। हमने अपनी टीम के साथ डिस्कस किया। सबसे बड़ा चैलेंज इतने बड़े घेवर के फ्रेम को तैयार करना था।

कड़ाही बनाने वाले ने 2 महीने का समय मांगा
जौहरी लाल ने बताया- हमने घेवर के लिए कड़ाही बनाने वाले से बात की तो उन्होंने 2 महीने का समय मांगा। हमें यह घेवर जल्दी तैयार करना था। ऐसे में हमने घाट गेट स्थित लुहारों के खुर्रे में कारीगरों से बात की। उन्होंने दिन-रात काम करके 800 किलो वजनी कड़ाही तैयार की। इसमें घेवर को उठाने के लिए लोहे का फ्रेम अलग से बनाया गया। कड़ाही तैयार होने के बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड किया गया। फिर 22 गोदाम स्थित गोदाम में लाया गया। इस कड़ाही की कीमत 1.5 लाख आई।

चार-चार हलवाइयों की टीम बनाई गई
घेवर बनाने के लिए चार-चार हवाइयों की टीम बनाई गई। चार लोगों ने मिलकर भट्टी तैयार की। उनका काम भट्टी की देखरेख करना था। चार हलवाई की टीम ने घोल तैयार किए। इसके बाद चार लोगों का काम घोल को कड़ाही में डालना था। इसके लिए लोहे की रॉड को वेल्ड करके चम्मच तैयार किया गया। इसी चम्मच की मदद से घोल को सेंटर में डाला गया। ऐसे ही बाकी हलवाइयों को अलग-अलग काम दिए गए।

घेवर को उठाने के लिए अलग फ्रेम बना
घेवर को कड़ाही से निकालने के लिए भी फ्रेम तैयार किया गया। इस फ्रेम के ऊपर घेवर तैयार किया गया। चार बार घेवर बनाने के बाद उसको उठाने की कोशिश की गई तो टूट गया। क्रेन की मदद से भी उठाने की कोशिश की, लेकिन टूट गया। जब भी घेवर टूटता फ्रेम को छोटा किया गया। आखिर में इस फ्रेम को ऊपर उठाने के लिए हुक वाले 10 बोल्ट लगाए गए। इसके बाद पांचवी बार में घेवर को बाहर निकला।

ऐसे 5 दिन में तैयार हुआ घेवर

  • 1 अगस्त- पहली बार घेवर बनाने की तैयारी की गई। कड़ाही में घी गर्म किया गया और मैदा, पनीर और दूध का घोल तैयार किया गया। बड़े बर्तन की सहायता से घोल को गर्म घी में डाला गया। घेवर बनकर तैयार होने लगा। तब घेवर के बीच में घोल डालने में परेशानी आई, क्योंकि चम्मच छोटी थी। वेल्डिंग वाले कारीगरों ने हाथों-हाथ लोहे की रॉड को वेल्ड कर चम्मच तैयार किया। घेवर तैयार हुआ तो उठाने के प्रोसेस में बीच से टूट गया। इस पूरे प्रोसेस में लगभग 12 घंटे लग गए थे।
  • 2 अगस्त- दूसरे दिन फिर से सभी 20 कारीगर की टीम काम में लगी। घेवर को बाहर निकालने के लिए लोहे का फ्रेम बनाया गया। फ्रेम के नीचे लोहे की जाली लगाई गई। ये फ्रेम पहले गर्म घी की कड़ाही में रखा गया। इस पर घोल डाला गया। घेवर बनकर तैयार हुआ, लेकिन निकालने के दौरान घेवर टूट गया। घेवर का वजन ज्यादा था, जिसे फ्रेम के नीचे लगी जाली झेल नहीं पाई।
  • 3 अगस्त- घेवर को एक बार फिर से बनाने की तैयारी शुरू हुई। इस बार फ्रेम के साथ निकालने के दौरान लोहे के हुक वाले बोल्ट काम में लिए गए, लेकिन वह भी कामयाब नहीं हुए। एक बार फिर से घेवर टूट गया।
  • 4 अगस्त- चौथे दिन टीम ने एक बार फिर इसे बनाना शुरू किया। अबकी बार इसे कड़ाही से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर लकड़ी के फ्रेम पर रखने के दौरान टूट गया।
  • 5 अगस्त- पांचवें दिन सुबह 4 बजे से एक बार फिर प्रोसेस शुरू किया। इस बार घेवर को सावधानी से तैयार किया गया। इसे रखने के लिए खास लोहे की प्लेट तैयार की गई। इस पर लकड़ी का बोर्ड लगाया गया। घेवर बनने के बाद बहुत सावधानी के साथ शिफ्ट किया। इसे लगभग 30 लोगों ने मिलकर मिनी मैजिक गाड़ी पर लोड किया। कांटे पर लेकर जाया गया। इसका वजन 455 किलो आया। मिनी मैजिक पर लोड कर गोदाम से अभिनंदन बैंक्वेट हॉल मानसरोवर में शिफ्ट किया गया। यहां नगर निगम तीज उत्सव मनाएगा।

मेयर बोलीं- वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया
​​​​​​ग्रेटर ​निगम की मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया- तीज महोत्सव की तैयारी बड़े लेवल पर की जा रही है। इस मौके पर निगम की ओर से सबसे बड़ा घेवर तैयार कराया गया है। इसे इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे बड़े घेवर के रूप में दर्ज कराया गया है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
जल्द ही बड़ी खुशखबरी : सरकारी कर्मचारियों के तबादलों से हटेगी रोक! भजनलाल सरकार ले सकती है ये बड़ा फैसला | जल्द ही बड़ी खुशखबरी : सरकारी कर्मचारियों के तबादलों से हटेगी रोक! भजनलाल सरकार ले सकती है ये बड़ा फैसला | गाजियाबाद में पड़ोसी ने युवती के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार | मदरसे में 7 साल के बच्चे की संदिग्ध हालत में मौत, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा | रक्षाबंधन पर भाई ने उजाड़ दिया बहन का सुहाग, दोस्त के साथ मिलकर की बहनोई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार | गाजियाबाद में नामी स्कूल की शिक्षिका को प्रेम जाल में फंसा कर धर्मांतरण के लिए किया मजबूर, आरोपी गिरफ्तार | यूपी टी-20 प्रीमियर लीग के उद्घाटन समारोह के लिए सीएम योगी को मिला आमंत्रण | विनेश फोगाट का अधूरा सपना पूरा करेगी काजल, अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप में जीता गोल्ड | चिकित्सा मंत्री की पहल पर काम पर लौटे रेजीडेंट, चिकित्सकों की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, समस्याओं के निराकरण के लिए मेडिकल कॉलेज स्तर पर कमेटी गठित करने के निर्देश | लोहागढ़ विकास परिषद के बाल-गोपाल, माखन चोर, कृष्ण लीला, महारास कार्यक्रम में देवनानी होंगे मुख्य अतिथि |