युवक के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। फसल को नुकसान पहुंचा रही गायों को टेम्पो में भरकर जंगल में छोड़ने जा रहा था। परिवार वालों का आरोप है कि गो-तस्करी के शक में पुलिस ने गोली मार दी है। मामला डीग जिले के कुम्हेर इलाके का है।
डीग एसपी राजेश मीणा ने बताया- देर रात 1 बजे कुम्हेर थाना पुलिस को सूचना मिली कि गायों से भरी पिकअप जा रही है। पुलिस और कुछ लोगों ने पिकअप का पीछा किया। इस दौरान रात 2 बजे पिछूमर बस स्टैंड के पास चुंगी पर दूसरी पिकअप खड़ी दिखाई दी। इसमें से कुछ लोगों ने फायर किया और गोली गायों से भरी पिकअप दौड़ा रहे चालक संदीप प्रजापत (20) को लगी। उसकी मौत हो गई।
इसके बाद पुलिस पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। नाकाबंदी की। अभी उनकी तलाश जारी है। गोतस्करों की गोली से कुम्हेर थाना इलाके के सोनगांव निवासी संदीप की मौत हुई है। संदीप खेती किसानी करता था और अविवाहित था।
संदीप के चचेरे भाई सोनगांव निवासी मानसिंह ने बताया- संदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसने काम करने के लिए 1 महीने पहले नई पिकअप ली थी। वह खेती-बाड़ी करता था। सुबह पुलिस का फोन आया। बताया कि संदीप की गोली लगने से मौत हो गई। संदीप मेरा छोटा भाई था। पुलिस कह रही है कि संदीप को हमारी गोली नहीं लगी है। हमें पुलिस पर शक है। शव डीग हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में है।
सोनगांव के सरपंच प्रतिनिधि मुंशीलाल ने बताया- सोनगांव में कुछ किसानों की गायें फसलों को आए दिन खराब कर देती थीं। ऐसे में गांव के दो लड़कों संदीप प्रजापत (20) और नरेश कुमार (28) ने गांव के ही दो किसानों हरचंद और विष्णु की गायों को देर रात 1 बजे पिकअप में लोड किया और गांव की सीमा से दूर छोड़ने के लिए निकले।
इस दौरान गोरक्षकों के दल ने बाइक पर दोनों का पीछा करना शुरू कर दिया। गोरक्षकों ने कुम्हेर थाना पुलिस को भी फोन कर दिया। पुलिस की टीम भी उनका पीछा करने लगी। रात 2 बजे पिछूमर बस स्टैंड के पास चुंगी के पास संदीप पर फायर हुआ और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अब गोली पुलिस ने चलाई, गोरक्षक दल के किसी सदस्य ने चलाई या गोतस्करों ने, इसकी जांच की मांग कर रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.