अजमेर: जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ और रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। विवाद की शुरुआत संक्रमण से बचाव को लेकर हुई थी, लेकिन मामला धीरे-धीरे और गंभीर हो गया, जिससे अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो गईं।
मामला तब शुरू हुआ जब डॉक्टर चंद्रप्रकाश ने नर्सिंग स्टाफ को सिर पर टोपी और मुंह पर मास्क लगाने का निर्देश दिया। नर्सिंग स्टाफ को यह बात नागवार गुजरी, जिससे कहासुनी हो गई और मामला झगड़े तक पहुंच गया।
नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि डॉक्टर चंद्रप्रकाश ऑफ-ड्यूटी होने के बावजूद देर रात इंचार्ज रजना को फोन कर स्टाफ की जानकारी ले रहे थे, जबकि उस समय महिला नर्सिंग स्टाफ ड्यूटी पर था। इस पर स्टाफ ने आपत्ति जताई, जिससे डॉक्टर नाराज हो गए। आज जब डॉक्टर ने मास्क और टोपी पहनने को कहा, तो विवाद और बढ़ गया।
डॉक्टर चंद्रप्रकाश ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने संक्रमण नियंत्रण के लिए नर्सिंग स्टाफ को निर्देश दिए, तो स्टाफ ने उग्र होकर उन पर नुकीली चीज से हमला कर दिया। यह घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
विवाद के बाद नर्सिंग स्टाफ और रेजिडेंट डॉक्टरों दोनों ने काम का बहिष्कार कर दिया, जिससे अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो गईं। बाद में प्रशासन की मध्यस्थता के बाद हड़ताल को शाम 6 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
नर्सिंग स्टाफ ने चेतावनी दी है कि यदि शाम 6 बजे तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे। अस्पताल प्रशासन मामले को शांत करने और जल्द से जल्द समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.