अजमेर : की अनासागर झील के आसपास अवैध निर्माण को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। नगरीय विकास मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने कहा कि इस मामले की जांच जारी है और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने महाराणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "कुछ नेता विवादित बयान देकर समाज में अराजकता फैलाते हैं। यह कृत्य राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है। हर व्यक्ति अपनी सोच के अनुसार बोलता है, लेकिन इतिहास और संस्कृति का सम्मान करना सभी का कर्तव्य है।"
यूडीएच मंत्री खर्रा ने विपक्ष की बयानबाजी को लेकर कहा कि विपक्ष का काम रचनात्मक आलोचना करना है, लेकिन अनावश्यक बयानबाजी लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा, "जनता ने अशोक गहलोत को नकार दिया है और अब वे निराशा में इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं।"
मंत्री खर्रा ने अजमेर नगर निगम द्वारा आयोजित विक्रम समारोह की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा, "जब तक नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से अवगत नहीं कराया जाएगा, तब तक सभ्यता का समुचित विकास संभव नहीं होगा।"
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.