जयपुर | राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सांसद हनुमान बेनीवाल ने भाजपा पर सीधा निशाना साधते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम के दामाद अनिल खटाना की तलाश में सीबीआई की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई पर भाजपा का दबाव है, जिसके चलते लापरवाही बरती जा रही है।
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि "भाजपा अक्सर कांग्रेस के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर सवाल उठाती है, लेकिन अब अपने ही नेता के दामाद पर चुप क्यों है?" उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को ट्वीट कर मांग की कि "क्या भाजपा अब अपने दामाद को भी पकड़ने के लिए तैयार है?"
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत अनिल खटाना दो महीने से लापता हैं और सीबीआई उसे खोजने में असफल रही है।
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि वे इस विषय को लोकसभा में भी उठाएंगे और भाजपा सरकार से जवाब मांगेंगे। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अपील की कि वे जवाहर सिंह बेडम को बर्खास्त करें, ताकि निष्पक्ष जांच संभव हो सके।
बेनीवाल ने कहा, "जब कांग्रेस के नेताओं पर आरोप लगते हैं, तो भाजपा जोर-जोर से शोर मचाती है। लेकिन जब खुद के नेताओं पर सवाल उठते हैं, तो मौन साध लेती है।"
उन्होंने दो टूक कहा कि "अगर भाजपा वाकई में भ्रष्टाचार और परिवारवाद के खिलाफ है, तो उसे अपने नेताओं पर भी उतनी ही सख्ती दिखानी चाहिए जितनी वह कांग्रेस पर दिखाती है।"
हनुमान बेनीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह से अपील की कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.