सिरोही : केंद्रीय संचार ब्यूरो सिरोही के तत्वावधान में आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक शिवगंज के सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस एवं "हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान" विषय पर संगोष्ठी, प्रदर्शनी व प्रश्नोत्तरी के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वार्ताकार एवं सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा ने बताया कि 28 फरवरी को देशभर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं को विज्ञान और प्रौद्योगिकी में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना और वैज्ञानिक उपलब्धियों को सम्मान देना है। उन्होंने भौतिक वैज्ञानिक सी.वी. रमन और उनके रमन प्रभाव पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में वार्ताकार भीक सिंह भाटी ने संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के गौरव पर विचार व्यक्त किए और राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व को बताया। प्रधानाध्यापक महिपाल दवे ने कहा कि विज्ञान ने मानव जीवन की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति विशेष रुचि उत्पन्न होती है। केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी अधिकारी फूलचंद गहलोत ने विज्ञान एवं संविधान के महत्व पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
रेवदर में दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन
रेवदर। जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग एवं पंचायतीराज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर पंचायत समिति रेवदर परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें दिव्यांगों के लिए आवश्यक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया संपन्न हुई।
शिविर में कुल 470 दिव्यांगों का प्रमाणीकरण किया गया। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित एवं प्रकाश कुमार मेघवाल ने शिविर का निरीक्षण किया और दिव्यांगों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। प्रमाणीकरण में लोकोमोटर 247, नैत्र प्रमाण पत्र 65, मनोरोग 57 और ईएनटी श्रेणी में 48 दिव्यांगों का प्रमाणीकरण किया गया।
शिविर में चिकित्सा विभाग से डॉ. मोहनलाल निठारवाल, डॉ. जेपी कुमावत, डॉ. रविन्द्र खीची, डॉ. विजेंद्र पुरोहित, डॉ. हनवंत सिंह राणावत के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र कुमार पुरोहित, छात्रावास अधीक्षक मनीष कुमार जांगिड़, वरिष्ठ सहायक बाबुलाल, कनिष्ठ सहायक प्रकाश कुमार एवं कन्हैयालाल माली उपस्थित रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.