मध्य प्रदेश : के पूर्व मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान और लिबर्टी शू कंपनी के डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी अमानत बंसल शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। यह शाही शादी जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में भव्य तरीके से संपन्न हुई।
इस ग्रैंड वेडिंग में राजनीति, उद्योग और प्रशासनिक जगत की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की। शादी समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उद्योगपति अरुण नायर और कई अन्य प्रतिष्ठित मेहमान शामिल हुए।
शादी से पहले उम्मेद भवन में संगीत, मेहंदी और साजन गोठ जैसे पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बुधवार रात हुए संगीत समारोह में शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी ने जमकर डांस किया, जिसने माहौल को और भी यादगार बना दिया।
गुरुवार शाम 7 से 9 बजे के बीच फेरे की रस्म पूरी हुई, जिसके बाद शानदार साजन गोठ का आयोजन हुआ। रात 11 बजे विदाई की रस्म संपन्न हुई।
अमानत बंसल ने लंदन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी की पढ़ाई की है। उनकी और कार्तिकेय की सगाई पिछले साल 17 अक्टूबर को दिल्ली में हुई थी।
शादी के बाद इंदौर और दिल्ली में अलग से रिसेप्शन आयोजित किए जाएंगे, जहां राजनीति, बॉलीवुड और बिजनेस जगत की कई और हस्तियां शामिल हो सकती हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.