होली : का पर्व पूरे राज्य में धूमधाम से मनाया गया, लेकिन सबसे खास नजारा मुख्यमंत्री आवास पर देखने को मिला। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आम जनता के साथ जमकर होली खेली। इस मौके पर उनकी पत्नी गीता शर्मा भी मौजूद थीं और उन्होंने भी लोगों के साथ रंगों के त्योहार का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री आवास पर उमड़ी भारी भीड़
सीएम भजनलाल शर्मा ने आम जनता, कार्यकर्ताओं और नेताओं को होली समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ अबीर-गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया।
सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला कार्यक्रम
मुख्यमंत्री आवास पर होली उत्सव सुबह 9 बजे से शुरू हुआ और दोपहर 1 बजे तक चला। बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े होकर मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने के लिए उत्साहित दिखे।
सीएम भजनलाल शर्मा ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा—
"उत्साह, उल्लास और उमंग के महापर्व होली के विशेष अवसर पर आयोजित होली स्नेह मिलन कार्यक्रम में सभी प्रियजनों को हार्दिक बधाई। यह रंगोत्सव पूरे प्रदेश को सुख, समृद्धि और खुशहाली के विविध रंगों से परिपूर्ण करे, यही मेरी प्रार्थना है।"
रंगों में सराबोर हुआ मुख्यमंत्री आवास
इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, गुलाल की बरसात और लोकगीतों की धुनों पर मुख्यमंत्री और आम जनता ने होली का भरपूर आनंद लिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.