सीकर: राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा के महिला केंद्रित प्रचार अभियानों पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने शुक्रवार को सीकर में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा द्वारा चलाए जा रहे 'घर-घर सिंदूर' अभियान पर सवाल उठाए और इसे महिला सम्मान के नाम पर भावनात्मक राजनीति करार दिया।
डोटासरा ने कहा,
“माता और बहनें सिर्फ अपने पति के नाम का सिंदूर लगाती हैं, मोदी जी के नाम का नहीं। यह भारतीय संस्कृति और आत्मसम्मान का प्रतीक है, इसे भाजपा ने प्रचार का साधन बना दिया है।”
उन्होंने भाजपा के अभियान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि महिला सम्मान का वास्तविक अर्थ उनकी सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से है, न कि प्रतीकों से।
डोटासरा ने कश्मीर के पहलगाम में हाल में हुई आतंकी घटना की ओर इशारा करते हुए कहा कि,
"भाजपा केवल थोथी डायलॉगबाजी कर रही है। हमें उन बहनों के उजड़े सिंदूर का बदला चाहिए जो पहलगाम में अपने सुहाग खो बैठीं। वहाँ कौन सा सुरक्षा कवच था?"
उन्होंने सवाल किया कि जब देश की बहन-बेटियां असुरक्षित हों, तब सिंदूर बांटना सिर्फ दिखावा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला मतदाताओं को भावनात्मक रूप से प्रभावित करने के लिए सिंदूर, रक्षा सूत्र और मंगलसूत्र जैसे प्रतीकों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि
"यह सिर्फ चुनावी फायदा लेने का जरिया है, न कि महिला सशक्तिकरण की ईमानदार कोशिश।"
डोटासरा सीकर दौरे पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लोकसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि
"कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर असल मुद्दों को जनता के बीच रखेंगे। महिला सम्मान, बेरोजगारी, महंगाई, और किसानों की समस्याएं हमारी प्राथमिकता हैं।"
गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा के अभियान को "भावनाओं से खेलना" करार देते हुए इसे राजनीतिक प्रपंच बताया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोगों को भ्रमित करने वाले प्रचार से सचेत करें और वास्तविक मुद्दों पर फोकस करें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.