राजस्थान : के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अपने दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर गहन चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री शर्मा ने नड्डा को अवगत कराया कि राजस्थान सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता के लिए सुलभ और उच्च गुणवत्ता युक्त बनाने हेतु अनेक योजनाओं पर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर सुधार और विस्तार की पहल की जा रही है, जिससे आने वाले वर्षों में राजस्थान देश के अग्रणी स्वास्थ्य सेवा प्रदाता राज्यों में शामिल हो सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे नवाचारों, नए स्वास्थ्य ढांचे के विकास और जन स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने राजस्थान को स्वास्थ्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से राजस्थान में स्वास्थ्य क्रांति संभव है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के बीच संवाद अत्यंत सौहार्द्रपूर्ण रहा। बैठक में स्वास्थ्य सेवा सुधार के विभिन्न पहलुओं पर रचनात्मक और सकारात्मक चर्चा हुई।
जेपी नड्डा ने भी राजस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और केंद्र की ओर से हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की इस मुलाकात से स्पष्ट है कि राजस्थान सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्तिकरण के लिए तेजी से कदम बढ़ा रही है। आगामी समय में इस समन्वय का लाभ प्रदेश की आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के रूप में देखने को मिलेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.