भारत और न्यूजीलैंड: के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप का लीग स्टेज मुकाबला जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेला जा रहा है, लेकिन बारिश के कारण मैच को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। टॉस जीतकर भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जो अब तक पूरी तरह सही साबित होता दिखा।
खेल रोके जाने तक न्यूजीलैंड की टीम 7.1 ओवर में 3 विकेट पर सिर्फ 17 रन बना पाई थी। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कीवी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। हेनिल पटेल और आरएस अंबरीश की शानदार गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड का टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया।
भारत को पहला विकेट तीसरे ओवर में आरएस अंबरीश ने दिलाया। उन्होंने ह्यूगो बोग को 4 रन के स्कोर पर विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू के हाथों कैच कराया। इसके बाद अंबरीश ने ही न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम जोन्स को भी पवेलियन भेजा, जो सिर्फ 2 रन बना सके।
आठवें ओवर की पहली गेंद पर हेनिल पटेल ने तीसरा झटका दिया। उन्होंने ओपनर आर्यन मान को एलबी डब्ल्यू आउट किया। आर्यन मान केवल 5 रन ही बना पाए। खेल रुकने तक स्नेहित रेड्डी नाबाद थे।
8वें ओवर के दौरान बारिश तेज हो गई, जिसके चलते अंपायर्स ने खेल रोकने का फैसला लिया। इससे पहले भी बारिश के कारण मैच की शुरुआत में देरी हुई थी और दोनों पारियों को 3-3 ओवर कम कर 47-47 ओवर का कर दिया गया था।
प्लेइंग कंडीशन के अनुसार पहला पावरप्ले 1 से 10 ओवर, दूसरा 11 से 38 और तीसरा 39 से 47 ओवर का रखा गया है। दो गेंदबाज अधिकतम 10-10 ओवर फेंक सकते हैं, जबकि अन्य गेंदबाज 9-9 ओवर डालेंगे।
यह दोनों टीमों का लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला है। भारतीय टीम अब तक अपने दोनों मैच जीतकर ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। वहीं, न्यूजीलैंड के दोनों मुकाबले बारिश के कारण बेनतीजा रहे हैं और टीम 2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
भारत:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, एरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, मोहम्मद इनान, हेनिल पटेल, खिलन पटेल।
न्यूजीलैंड:
टॉम जोन्स (कप्तान), आर्यन मान, ह्यूगो बोग, स्नेहित रेड्डी, मार्को विलियम एल्पे (विकेटकीपर), जैकब कॉटर, जसकरन संधू, कैलम सैमसन, फ्लिन मोरे, सेल्विन संजय, मेसन क्लार्क।
मैदान से कवर्स हटाए जा चुके हैं और अंपायर्स के अनुसार भारतीय समय के मुताबिक मैच शाम 4 बजे दोबारा शुरू हो सकता है। हालांकि अंतिम फैसला मैदान की स्थिति को देखकर लिया जाएगा।
भारत ने बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में गेंदबाजी से पूरी तरह दबदबा बनाया है। शुरुआती 7 ओवरों में न्यूजीलैंड के तीन प्रमुख बल्लेबाजों को आउट कर टीम इंडिया ने मैच पर पकड़ बना ली है। अब नजरें बारिश के बाद खेल दोबारा शुरू होने और भारतीय गेंदबाजों के अगले प्रदर्शन पर टिकी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.