लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के एक छोटे से गांव ट्यौढी से निकलकर कभी अखबार बेचने और मजदूरी करने वाला एक साधारण सा लड़का आज देश-दुनिया के लाखों युवाओं के लिए उम्मीद की पहचान बन चुका है। अमन कुमार, जिन्होंने जीवन में अभावों को बेहद करीब से देखा, आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘युवा सशक्तिकरण’ विजन से प्रेरित होकर डिजिटल इंडिया के एक मजबूत स्तंभ बन चुके हैं।
गरीबी और संसाधनों की कमी के बावजूद अमन कुमार ने यह ठान लिया था कि जानकारी के अभाव में किसी भी प्रतिभाशाली युवा का भविष्य अंधकार में नहीं जाना चाहिए। इसी सोच ने उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ाया।
अमन द्वारा शुरू की गई वेबसाइट ‘कॉन्टेस्ट 360’ आज देश-विदेश के युवाओं के लिए शिक्षा, स्कॉलरशिप, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर अवसरों की सबसे भरोसेमंद जानकारी देने वाला मंच बन चुकी है।
अब तक 84 लाख से अधिक युवा इस प्लेटफॉर्म से लाभ उठा चुके हैं।
अमन कुमार ने सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई उपयोगी ऐप भी विकसित किए—
कांवड़ यात्रा ऐप (2022): 3.5 लाख श्रद्धालुओं को मार्ग, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सहायता
स्वीप बागपत ऐप: सवा लाख से अधिक मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ा
बागपत फॉर एनिमल्स: बेसहारा और घायल पशुओं के लिए डिजिटल सहायता मंच
बागपत जिला प्रशासन और सूचना विभाग के सहयोग से अमन ने ‘सूचना सेतु’ ऐप विकसित किया, जिसने सरकारी योजनाओं और अधिकारियों को आम जनता से सीधे जोड़ दिया। यह मॉडल आज ई-गवर्नेंस की मिसाल बन चुका है।
युवाओं के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के चलते अमन कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित ‘स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
अमन की सोच और कार्यक्षमता को वैश्विक स्तर पर भी सराहा जा रहा है—
यूनेस्को और यूनिसेफ जैसे संस्थानों से जुड़ाव
विकसित भारत डायलॉग 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने ‘टीम यूपी’ के ग्रुप कैप्टन
नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के साथ बाल अधिकारों पर कार्य
भारत सरकार के ‘माई भारत’ संस्थान द्वारा उत्तर प्रदेश का यूथ मेंटर नियुक्त
अमन कुमार आज केवल एक सफल युवा उद्यमी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की बदलती युवा शक्ति के प्रतीक बन चुके हैं। उनकी कहानी यह साबित करती है कि यदि हौसला, सही मार्गदर्शन और सरकार का सहयोग मिले, तो हालात चाहे जैसे भी हों, मंजिल पाई जा सकती है।
अमन कुमार की जीवन यात्रा हर उस युवा के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखता है। अखबार बेचने से लेकर इंटरनेशनल यूथ आइकॉन बनने तक का उनका सफर यह संदेश देता है कि डिजिटल ज्ञान और सकारात्मक सोच से किसी भी समाज को बदला जा सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.