जयपुर। शहर के हरमाड़ा स्थित लोहामंडी इलाके में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। दुकानों के बाहर अवैध रूप से बनाई गई सीढ़ियां, रैंप और अस्थायी निर्माण को जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से हटाया गया।
यह अतिक्रमण सड़क और फुटपाथ पर किया गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शुक्रवार सुबह JDA का दस्ता जैसे ही लोहामंडी बाजार पहुंचा, इलाके में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने खुद ही सामान हटाना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात किया गया।
JDA अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नियमानुसार और पूर्व चेतावनियों के बाद की जा रही है। सड़क को अतिक्रमण मुक्त करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना इसका मुख्य उद्देश्य है।
JDA अधिकारियों के अनुसार लोहामंडी बाजार में दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क काफी संकरी हो गई थी। इससे बड़े वाहनों की आवाजाही में परेशानी होती थी और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में लोहामंडी इलाके में एक डंपर ने तांडव मचा दिया था। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अतिक्रमण को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताया था।
उस समय प्रशासन से सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने की मांग तेज हुई थी। अब JDA की मौजूदा कार्रवाई को उसी हादसे के बाद उठाए गए सुरक्षा उपायों से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार के विरोध या विवाद की स्थिति नहीं बनी। पुलिस बल की मौजूदगी में JDA टीम ने शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाने का काम पूरा किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहेगा।
हरमाड़ा के लोहामंडी इलाके में JDA की यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। चार महीने पहले हुए भीषण हादसे के बाद प्रशासन अब सख्ती के मूड में नजर आ रहा है। अतिक्रमण हटने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि भविष्य में हादसों की आशंका भी कम होने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.