जयपुर। राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ एंड साइंसेज (RUHS) अस्पताल में अब मरीजों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। 15 फरवरी से RUHS में सप्ताह में 6 दिन सुपर स्पेशियलिटी OPD की शुरुआत की जा रही है। इस ओपीडी में किडनी, हार्ट, न्यूरो, हार्मोन और ब्लड से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज किया जाएगा।
डॉ. दीपक माहेश्वरी को RUHS में कंट्रोलर का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या और जरूरतों को देखते हुए यह अहम फैसला लिया गया है।
अब तक गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल जाना पड़ता था। लेकिन नई व्यवस्था के तहत SMS मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टर RUHS आकर OPD चलाएंगे, जिससे हजारों मरीजों को राहत मिलेगी।
SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि हर सुपर स्पेशियलिटी विभाग से एक-एक यूनिट को RUHS में सप्ताह में OPD संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, CTVS, न्यूरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी और अन्य विभाग शामिल हैं।
डॉ. माहेश्वरी ने बताया कि यह सुविधा 15 फरवरी से नियमित रूप से शुरू हो जाएगी। इसका उद्देश्य मरीजों को उनके नजदीक बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और SMS अस्पताल पर बढ़ते दबाव को कम करना है।
सोमवार – रीनल क्लीनिक
नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी के डॉक्टर किडनी और पेशाब से जुड़ी बीमारियों का इलाज करेंगे।
मंगलवार – कार्डिक क्लीनिक
कार्डियोलॉजी और CTVS के विशेषज्ञ हृदय रोगों का उपचार करेंगे।
बुधवार – नर्व क्लीनिक
न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के डॉक्टर दिमाग और नसों से जुड़ी बीमारियों पर फोकस करेंगे।
गुरुवार – हार्मोन क्लीनिक
एंडोक्राइनोलॉजी और मेडिसिन के डॉक्टर हार्मोन असंतुलन से जुड़ी समस्याओं का इलाज करेंगे।
शुक्रवार – पेन क्लीनिक
PMR और पेलिएटिव मेडिसिन के विशेषज्ञ दर्द प्रबंधन से संबंधित इलाज देंगे।
शनिवार (विशेष क्लीनिक)
हर माह के पहले और दूसरे शनिवार को इम्यूनोलॉजी क्लीनिक
तीसरे और चौथे शनिवार को हिमेटोलॉजी क्लीनिक
यहां ब्लड से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज किया जाएगा।
RUHS में 6 दिन सुपर स्पेशियलिटी OPD शुरू होने से जयपुर और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। SMS मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं RUHS में मिलने से इलाज आसान, सुलभ और समय की बचत वाला हो जाएगा। यह फैसला प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.