जयपुर: राजधानी जयपुर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नारायण विहार थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप की दीवार तोड़कर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश शॉप से कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
चोरी की सूचना मिलने के बाद नारायण विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
नारायण विहार थाने के ASI रामकरण ने बताया कि लवकुश नगर-फर्स्ट, नारायण विहार निवासी मनोज कुमार सोनी (45) ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि मांग्यावास रोड पर उनकी ‘मां कृपा ज्वेलर्स’ नाम से दुकान है।
मनोज सोनी ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे वह रोज की तरह शॉप बंद कर स्टाफ के साथ घर चले गए थे। देर रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की नीयत से शॉप को निशाना बनाया।
बदमाशों ने शॉप के जीने (सीढ़ियों) के नीचे की दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसने के बाद उन्होंने शॉप में रखे लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटी और उसी रास्ते से फरार हो गए।
अगले दिन सुबह जब शॉप खोली गई तो अंदर का नजारा देखकर मालिक के होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और दीवार टूटी हुई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नारायण विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों के आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
जयपुर में ज्वेलरी शॉप में हुई यह चोरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। दीवार तोड़कर की गई इस सुनियोजित वारदात से स्पष्ट है कि चोरों ने रेकी के बाद चोरी को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.