जयपुर। राजधानी जयपुर में चल रहे राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026 का दूसरा दिन आज बेहद खास रहने वाला है। सोमवार को समिट के मंच पर देश और दुनिया की कई जानी-मानी हस्तियां नजर आएंगी। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के सेशन समिट का मुख्य आकर्षण रहेंगे।
दूसरे दिन ग्लोबल लीडर्स, पॉलिसी मेकर्स, निवेशक और स्टार्टअप फाउंडर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इनोवेशन, स्टार्टअप इकोसिस्टम और गवर्नेंस से जुड़े अहम मुद्दों पर मंथन करेंगे।
समिट के दूसरे दिन का फोकस लीडरशिप, आम लोगों की जिंदगी में एआई के उपयोग, ग्लोबल इनोवेशन मॉडल्स और भविष्य की गवर्नेंस व्यवस्था पर रहेगा।
फायरसाइड चैट, पैनल डिस्कशन और कीनोट सेशन के जरिए महिला लीडरशिप, एमएसएमई ग्रोथ, एआई आधारित गवर्नेंस सिस्टम और लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम की शुरुआत स्मृति ईरानी के फायरसाइड चैट से होगी। वह ‘लीडरशिप बियॉन्ड लेबल्स’ विषय पर सार्वजनिक जीवन, अनुशासन और नेतृत्व से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगी।
इसके बाद दुबई इंटरनेट सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर अमार अल मलिक भविष्य के शहरों, इनोवेशन और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब्स पर अपना दृष्टिकोण रखेंगे।
एमएसएमई से जुड़े विशेष सेशन में आंध्र प्रदेश एमएसएमई चेयरमैन टी. शिवशंकर राव और महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एमएसएमई को देश की आर्थिक ग्रोथ का मजबूत इंजन बनाने पर चर्चा करेंगे।
‘द ग्राउंड ब्रेकर’ सेशन में टाई ग्लोबल से जुड़े निवेशक और वेंचर कैपिटलिस्ट्स अपनी जर्नी साझा करेंगे और नई पहलों की शुरुआत करेंगे।
पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग अपने फायरसाइड चैट में क्रिकेट से मिले लीडरशिप, परफॉर्मेंस और माइंडसेट के अनुभव साझा करेंगे।
वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का सेशन पॉलिसी, गवर्नेंस और विकास मॉडल को लेकर खास रहेगा, जो दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है।
दूसरे दिन ‘एल्गोरिद्म्स विद सोल’ और ‘सीइंग द इनविजिबल’ जैसे सेशन में एआई के समाज, क्रिएटिव सेक्टर और इनोवेशन पर प्रभाव को समझाया जाएगा।
इन सेशनों में एमआईटी के प्रोफेसर रमेश रस्कर सहित कई ग्लोबल एक्सपर्ट शामिल होंगे।
राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के साथ ‘एआई के दौर में गवर्नेंस’ विषय पर लीडरशिप डायलॉग होगा, जिसमें डिजिटल गवर्नेंस और पॉलिसी इनोवेशन पर चर्चा की जाएगी।
सुबह 10 से 11 बजे: स्मृति ईरानी
11 बजे: अमार अल मलिक (दुबई इंटरनेट सिटी)
दोपहर: एमएसएमई सेशन – टी. शिवशंकर राव
दोपहर बाद: वी. श्रीनिवास, वीरेंद्र सहवाग, राज्यवर्धन सिंह राठौड़
शाम: लक्ष्यराज सिंह और मुख्यमंत्री मोहन यादव
राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026 का दूसरा दिन लीडरशिप, एआई, स्टार्टअप और गवर्नेंस के भविष्य को दिशा देने वाला साबित हो सकता है। सेहवाग, स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री मोहन यादव जैसे दिग्गजों की मौजूदगी से यह समिट न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम के लिए अहम मंच बनता जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.