अकोला (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायतुल्ला पटेल की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। एक दिन पहले अकोला जिले के मोहला गांव की मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद उन पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे हिदायतुल्ला पटेल मोहला गांव की मस्जिद में नमाज अदा कर बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए आरोपी ने अचानक उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने पटेल के गले और सीने पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पटेल को अकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया।
डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद बुधवार सुबह इलाज के दौरान हिदायतुल्ला पटेल ने दम तोड़ दिया। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्हें खून से लथपथ कपड़ों में मस्जिद से बाहर निकलते देखा जा सकता है।
पुलिस ने इस मामले में उबेद खान कालू खान उर्फ रजीक खाम पटेल (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंगलवार रात करीब 8 बजे अकोट तालुका के पनज गांव से हिरासत में लिया गया।
इस मामले में शिकायत कांग्रेस पार्षद सुवर्णा कल्लाकुंटला ने दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के साथ सहयोग नहीं किया, जिसके चलते उसके खिलाफ काउंटर शिकायत भी दर्ज की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। अकोला के मोहला और अकोट क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चंदक खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं। अकोट ग्रामीण पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायतुल्ला पटेल की मस्जिद के बाहर दिनदहाड़े हुई हत्या ने राज्य की राजनीति और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुरानी रंजिश में की गई इस वारदात में पुलिस ने तेजी से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन घटना ने क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। अब सबकी नजरें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.