जयपुर। गुलाबी नगरी के सांगानेर इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके ही एक दूर के रिश्तेदार ने न केवल दरिंदगी की, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल भी किया। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता का घर बसने से पहले ही उजाड़ दिया और धमकी देकर उसकी सगाई तुड़वा दी। सांगानेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक पीड़िता का रिश्तेदार था, जिसके कारण उसका घर पर आना-जाना और बातचीत सामान्य थी। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर साल 2024 में आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने किराए के कमरे पर ले गया। वहाँ उसने डरा-धमकाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
दुष्कर्म के बाद आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने उन वीडियो को हथियार बना लिया। वह पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार अपनी हवस का शिकार बनाने लगा। अक्टूबर 2025 में जब पीड़िता की सहनशक्ति जवाब दे गई, तब उसने परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने में मामला दर्ज करवाया।
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि जब वह बालिग होने के करीब आई, तो परिजनों ने उसकी सगाई तय कर दी। जैसे ही इसकी भनक आरोपी को लगी, वह बौखला गया। उसने न केवल पीड़िता को डराया, बल्कि उसके होने वाले ससुराल में कॉल कर अश्लील बातें की और धमकी दी। इस हरकत के कारण पीड़िता की सगाई टूट गई और उसका भविष्य अंधकारमय हो गया।
सांगानेर थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर पोक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता का मेडिकल मुआयना और कोर्ट में बयान दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार को आरोपी को दबोच लिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा (JC) में भेज दिया गया है।
यह मामला एक बार फिर चेतावनी देता है कि अपराधी अक्सर परिचितों और रिश्तेदारों के भेष में छिपे होते हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को न्याय की उम्मीद जगी है, लेकिन आरोपी ने जिस तरह एक बेटी का भविष्य दांव पर लगाया, वह समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। कानून के शिकंजे में आने के बाद अब आरोपी को उसके किए की कड़ी सजा मिलना तय है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.