राष्ट्रपति का विमान दोपहर 1:40 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरेगा। एयरपोर्ट से वह सड़क मार्ग के जरिए दोपहर 2:10 बजे सिविल लाइंस स्थित लोक भवन पहुंचेंगी, जहां उनका अल्प विश्राम और अन्य निर्धारित कार्यक्रम होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 3:50 बजे लोक भवन से रवाना होकर शाम 4:20 बजे सीकर रोड स्थित नींदड़ हाउसिंग स्कीम, हरमाड़ा पहुंचेंगी। यहां वह रामानंद मिशन द्वारा आयोजित भव्य 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में भाग लेंगी।
इसी आयोजन के साथ तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में चल रही श्रीराम कथा और 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ का औपचारिक समापन भी होगा।
राष्ट्रपति की मौजूदगी को देखते हुए जयपुर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा राष्ट्रपति की आवाजाही के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें पूरे समय तैनात रहेंगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम 5:50 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पालम एयरपोर्ट, दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।
1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ और श्रीराम कथा का आयोजन 8 जनवरी से 16 जनवरी तक किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन 1008 परिवार हवन कुंड में आहुतियां दे रहे हैं। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्वान पंडित भाग ले रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन श्रीराम कथा में 25 से 30 हजार श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, जिससे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह एक दिवसीय जयपुर दौरा धार्मिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ और श्रीराम कथा के समापन में उनकी उपस्थिति से आयोजन को राष्ट्रीय महत्व मिलेगा, वहीं सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.