महाराष्ट्र: में 29 नगर निगमों के लिए हुए चुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह 10 बजे से जारी है। शुरुआती रुझानों में राज्य की राजनीति की तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। अब तक मिले रुझानों के अनुसार, 29 में से 23 नगर निगमों में भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन आगे चल रहा है, जबकि लातूर और चंद्रपुर नगर निगम में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है।
राज्य के प्रमुख महानगरों मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक में भाजपा गठबंधन ने बड़ी बढ़त बना ली है। सबसे अहम मानी जा रही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में भी भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) का गठबंधन बहुमत के आंकड़े को पार करता दिख रहा है।
कोल्हापुर में शुरुआत में कांग्रेस ने बढ़त बनाई थी, लेकिन बाद के रुझानों में भाजपा ने वहां भी बड़ा अंतर बना लिया है। संभाजीनगर में भी महायुति उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
राज्य में नगर निगम चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान हुआ था। कुल 893 वार्डों में 15,931 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी।
मुंबई (BMC)
कुल सीटें: 227 | बहुमत: 114
BJP+: 118
उद्धव शिवसेना+: 70
कांग्रेस: 12
NCP (अजीत): 0
पुणे
कुल सीटें: 165 | बहुमत: 83
BJP+: 90
NCP+: 20
कांग्रेस + UBT: 10
शिवसेना: 2
नागपुर
कुल सीटें: 151 | बहुमत: 76
BJP+: 113
कांग्रेस: 30
अन्य: 8
नासिक
कुल सीटें: 122 | बहुमत: 62
BJP: 50
शिवसेना (शिंदे) + NCP: 41
MVA + MNS: 12
मतगणना के दौरान राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने दावा किया कि महायुति 29 में से 28 नगर निगमों में सरकार बनाएगी। वहीं AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा कि कई जगहों पर उनकी पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री संजय शिरसाट ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान उनके समर्थकों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसे उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग बताया।
बीजेपी नेताओं ने इन नतीजों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कामकाज पर जनता की मुहर बताया, जबकि कांग्रेस नेताओं का दावा है कि कुछ नगर निगमों में मुकाबला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के शुरुआती रुझानों ने साफ कर दिया है कि शहरी राजनीति में भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन मजबूत स्थिति में है। खासतौर पर मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे बड़े शहरों में बढ़त ने विपक्ष की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि लातूर और चंद्रपुर में कांग्रेस की जीत यह संकेत देती है कि राज्य की राजनीति में मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नहीं है। अंतिम नतीजों के साथ महाराष्ट्र की शहरी राजनीति की दिशा और स्पष्ट होगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.