बांदीकुई। शहर में भगवान श्री राधावल्लभ जी के 202वें पाटोत्सव को लेकर भक्ति और उत्साह का माहौल बन गया है। राधावल्लभ सेवा समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में नई कृषि उपज मंडी परिसर में कार्यक्रम के पोस्टर और बैनर का विधिवत विमोचन किया गया।
राधावल्लभ मंदिर के महंत जितेंद्र मुद्गल ने जानकारी देते हुए बताया कि पाटोत्सव का शुभारंभ 26 जनवरी को सुबह 9:15 बजे मंदिर प्रांगण में गणेश पूजन एवं ध्वजा पूजन के साथ किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे 551 कलशों के साथ भव्य निशान यात्रा, ध्वज यात्रा और शोभायात्रा निकाली जाएगी।
यह शोभायात्रा माधोगंज मंडी से प्रारंभ होकर गर्ल्स स्कूल रोड, बालाजी मंदिर, राज बाजार होते हुए श्री राधावल्लभ मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर लगभग दो क्विंटल फूलों एवं इत्र की वर्षा की जाएगी। वृंदावन से पधारी जीवंत बग्गी पर विराजमान झांकी शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहेगी।
26 जनवरी की शाम 7:15 बजे मंदिर परिसर में प्रसिद्ध कलाकार वकील निराला एवं अन्य भजन गायकों द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
वहीं, 27 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक माधोगंज मंडी में वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर रसिक संकीर्तन बैंड के सुप्रसिद्ध ब्रज रसिक कलाकारों द्वारा नाम संकीर्तन, नंद उत्सव, फागोत्सव, रामलीला नृत्य, फूलोत्सव एवं रसिया उत्सव की सुंदर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। फूलों से सजी झांकियां श्रद्धालुओं को भावविभोर कर देंगी।
पाटोत्सव का मुख्य आयोजन 28 जनवरी को सुबह 9:15 बजे संपन्न होगा। इस अवसर पर वृंदावन राधावल्लभ मंदिर के पुजारियों एवं स्थानीय विद्वान पंडितों द्वारा वृंदावन परंपरा के अनुसार श्री राधावल्लभ जी महाराज का विशेष जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात कमल कुंड पर हवन-पूजन का आयोजन होगा।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर मंडी अध्यक्ष भगवान चौधरी, वाइस चेयरमैन राजेश शर्मा, जीतू हरियाणा, अश्विनी उपाध्याय, पूरण मल शर्मा, सुरेंद्र चौधरी, अशोक अग्रवाल, अंकुश माचीवाल, हितेश रावत, पीयूष बटवाड़ा, गोपाल तिवारी, सुशील भुखमारिया, मुकेश शर्मा, चमन ताम्बी, पुष्पेंद्र ठाकुरिया, नरेंद्र माचीवाल, नवल बटवाड़ा, बंटी चौधरी, राकेश झालानी, कालू गुर्जर, दीपू जैन, विजय जैन, रमेश सोनी, संतोष बढ़ाया, रौनक माचीवाल, नवीन झालानी एवं पवन सैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बांदीकुई में भगवान श्री राधावल्लभ जी का 202वां पाटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का भव्य संगम बनने जा रहा है। तीन दिवसीय यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करेगा, बल्कि नगर को आध्यात्मिक उल्लास से भी भर देगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.