राजस्थान में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। जयपुर, हनुमानगढ़, अलवर और टोंक के आसपास तेज हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार शेखावाटी क्षेत्र के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन इसके साथ ही प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू होने वाला है।
25 मई से 2 जून तक राजस्थान में नौतपा रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव चल सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर में 45.1°C, फलोदी में 45°C और बीकानेर में 44.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में भी तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इसी बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड पोर्टल शुरू कर दिया है। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार इस प्रक्रिया से देशभर के करीब 22.79 लाख छात्रों को फायदा मिलेगा और लगभग 319 करोड़ रुपए की रिफंड राशि जारी की जाएगी।
छात्र NEET-UG 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉगिन कर रिफंड लिंक के जरिए अपनी बैंक डिटेल्स अपलोड कर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 27 मई तय की गई है। छात्रों को अकाउंट होल्डर का नाम, बैंक अकाउंट नंबर, बैंक का नाम और IFSC कोड भरना होगा। कैंसिल चेक की स्कैन कॉपी अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है, हालांकि यह अनिवार्य नहीं है।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले के कारण रद्द कर दी गई थी। जांच में सीकर से जुड़े मामले में SOG और CBI ने कार्रवाई करते हुए कई गिरफ्तारियां की थीं। इसके बाद NTA ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया और अब दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.