राजस्थान के करौली जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सपोटरा क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में 40 फीट गहरे कुएं में मिट्टी धंसने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों भाई कुएं में गिरी पानी की मोटर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इस घटना ने पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
जानकारी के अनुसार अमरगढ़ निवासी कमलेश और मुकेश पिछले कुछ दिनों से अपने खेत पर बने पुराने कुएं में गिरी पानी की मोटर निकालने का प्रयास कर रहे थे। शनिवार को दोनों भाई कुएं को और गहरा कर मोटर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कुएं की ढाय (मिट्टी की दीवार) भरभराकर गिर गई और दोनों भाई मिट्टी तथा मलबे में दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और कोहराम मच गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और सरकारी सहायता आने से पहले अपने स्तर पर मिट्टी हटाकर दोनों भाइयों को बचाने का प्रयास शुरू किया। बाद में प्रशासन, पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत सपोटरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतकों का परिवार मूल रूप से डिकोली कला का निवासी था और करीब 25 वर्ष पहले अमरगढ़ गांव में आकर बस गया था। इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां एक पल में छीन लीं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पुराने कुओं और असुरक्षित संरचनाओं में काम करते समय पूरी सुरक्षा व्यवस्था अपनाएं ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.